
सत्यमेव न्यूज गंडई। हरेली पर्व के अवसर पर ग्राम ढाबा में जबर हरेली खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। सुर सरोवर मानस परिवार ग्राम ढाबा के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में गांव के महिला-पुरुषों के साथ बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया है। दोपहर से शुरू हुआ खेलों का सिलसिला शाम तक चला और पूरे गांव में उत्सव का माहौल बना रहा। महोत्सव में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक खेल संस्कृति की झलक देखने को मिली। भौंरा बाटी फुगड़ी चम्मच दौड़ कुर्सी दौड़ और गेड़ी दौड़ सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया है। कार्यक्रम में गंडई थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम की मौजूदगी रही। वहीं ब्रह्माकुमारी दीदियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता कर लोगों को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया है। उन्होंने युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया है। आयोजन में बोधराज देवांगन, हेमंत वर्मा, लेखन वर्मा, मुकेश वर्मा, टिकेंद्र धुर्वे, नीलम वर्मा, जयपाल यादव सहित गांव के गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में गिरवर साहू, दयाल यादव, पूनम यादव, हिरेंद्र वर्मा, लिमेश, खिलेश्वर, मोहन धनकर, नुक्कू, अजय, केशो सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। हरेली के अवसर पर आयोजित इस आयोजन ने ग्रामीणों को पारंपरिक खेलों से जोड़ने के साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक एकजुटता का संदेश भी दिया है।