महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में हुआ आयोजन
खैरागढ़। रानी रश्मिदेवी सिंह शासकीय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.ओपी गुप्ता के मार्गदर्शन में में महाविद्यालय के महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में महाविद्यालय की महिला कर्मचारियों एवं छात्राओं के लिए स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा महिलाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम/कार्यशाला का आयोजन किया गया। शुभारंभ अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक एन.के.देवांगन ने अपने स्वागत उद्बोधन से किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं छात्राओं को व्यक्तिगत स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करना, उनके स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों पर जानकारी प्रदान करना तथा कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता विकसित करना है। महाविद्यालय के इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ.जेके साखरे ने महिलाओं एवं छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार के विरुद्ध आवाज उठाने तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित प्राधिकरण से सहायता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यशाला में विषय विशेषज्ञ के रूप में डॉ.सुशीला बंजारे, जिला आयुष अधिकारी, खैरागढ़ द्वारा “हाइजीन एवं शारीरिक शोषण के प्रति जागरूकता” विषय पर व्याख्यान दिया गया। उन्होंने व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वस्थ जीवनशैली तथा शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं एवं छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में भारती चौबे, महिला बाल विकास विभाग, खैरागढ़ ने “पोश एक्ट, 2013: सेफ्टी एंड बियॉन्ड” विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम, निषेध एवं निवारण अधिनियम, 2013 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी देते हुए महिलाओं के अधिकारों, सुरक्षित कार्यस्थल के महत्व तथा उत्पीड़न की स्थिति में उपलब्ध शिकायत निवारण व्यवस्था के संबंध में विस्तार से बताया। कार्यक्रम में उपस्थित पूर्णिमा महिला बाल विकास सलाहकार ने महिलाओं एवं छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार के विरुद्ध आवाज उठाने तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित प्राधिकरण से सहायता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि महिलाओं का स्वास्थ्य, सम्मान, सुरक्षा एवं आत्मविश्वास एक सशक्त और जागरूक समाज के निर्माण के लिए आवश्यक हैं। इस कार्यक्रम ने महिला कर्मचारियों एवं छात्राओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता और कार्यस्थल पर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं। इस प्रकार की गतिविधियाँ महिलाओं में जागरूकता बढ़ाने तथा सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सकारात्मक वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम के अंत में आईक्यूएसी प्रभारी श्रीमती सृष्टि वर्मा ने दिया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के महिला प्रकोष्ठ के सदस्य श्रीमती सृष्टि वर्मा, सुश्री भबीता मंडावी, श्रीमती मनीषा नायक, श्रीमती शबाना खान, डॉ.परमेश्वरी कुम्भज, कन्या महाविद्यालय के सभी सहायक प्राध्यापक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
