स्वतंत्रता दिवस से पहले जिला पंचायत में चला स्वच्छता अभियान00 अधिकारियों संग कर्मचारियों ने किया श्रमदान

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। स्वतंत्रता दिवस के आयोजन से पहले जिला पंचायत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में स्वच्छता को लेकर विशेष श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। शनिवार सुबह जिला पंचायत कार्यालय परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से साफ-सफाई कर स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित श्रमदान के दौरान कार्यालय परिसर के विभिन्न हिस्सों में सफाई की गई। कर्मचारियों ने परिसर में फैले कचरे को एकत्र कर उसका व्यवस्थित निस्तारण किया। अभियान के दौरान कार्यालय को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने के साथ ही स्वच्छता को दैनिक कार्यशैली में शामिल करने पर जोर दिया गया है। इस अवसर पर प्रेम कुमार पटेल ने कहा कि स्वच्छ वातावरण से कार्यस्थल पर सकारात्मक माहौल बनता है। स्वच्छता किसी एक दिन या अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए बल्कि इसे नियमित आदत और सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी अधिकारी कर्मचारियों से कार्यालय परिसर की स्वच्छता निरंतर बनाए रखने और आम लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की है।

स्वच्छता श्रमदान में परियोजना अधिकारी प्रकाश चंद्र तारण, सी.के. पांडेय, सलीम खान, द्वारका साहू, गजेंद्र साहू, आशीष साहू सहित जिला पंचायत के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। सभी ने श्रमदान कर स्वच्छ कार्यालय एवं स्वच्छ वातावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए जिला पंचायत कार्यालय ने स्वच्छता को लेकर सामूहिक भागीदारी और जिम्मेदारी का संदेश दिया है।

Exit mobile version