स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का घर-घर अभियान शुरू, महंगी बिजली पर भाजपा की साय सरकार को घेरा

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। बिजली दरों में हुई वृद्धि और स्मार्ट मीटर लगातार सामने आ रही शिकायतों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में प्रदेश व जिला कांग्रेस कमेटी के आव्हान पर खैरागढ़ शहर कांग्रेस कमेटी ने सोमवार से “स्मार्ट मीटर हटाओ, फॉर्म भरो” अभियान की शुरुआत करते हुए आम उपभोक्ताओं के बीच पहुंचना शुरू कर दिया है। अभियान का शुभारंभ शहर के इतवारी बाजार से किया गया जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घर-घर और दुकानों में जाकर स्मार्ट मीटर हटाने, बिजली दरों में कमी करने तथा 400 यूनिट तक बिजली बिल माफ करने की मांग वाले आवेदन पत्रों पर लोगों के हस्ताक्षर कराए।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद आम उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। उनका कहना है कि जिन उपभोक्ताओं का पहले लगभग 500 रुपये का बिजली बिल आता था उन्हें अब कई गुना अधिक राशि का भुगतान करना पड़ रहा है जिससे मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है। अभियान के दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य नीलांबर वर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल दास साहू, शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.अरुण भारद्वाज, विधायक प्रतिनिधि एवं कांग्रेस के तेज तर्रार नेता मनराखन देवांगन और खैरागढ़ पालिका के नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार स्मार्ट मीटर और महंगी बिजली के माध्यम से आम जनता पर आर्थिक दबाव बढ़ा रही है। सभी ने एकमत स्वर में आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों का लाभ बड़े उद्योगपतियों को मिल रहा है जबकि आम उपभोक्ता लगातार परेशान हो रहे हैं। जनहित के इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश में भी भाजपा की सरकार है लेकिन वहां स्मार्ट मीटर योजना को लेकर सरकार अधिक सतर्क दिखाई दे रही है। इसके विपरीत छत्तीसगढ़ में जनता के विरोध के बावजूद स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य जारी है जो लोगों की भावनाओं की अनदेखी है।

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि 1 जुलाई से लागू नई बिजली दरों के कारण घरेलू, व्यावसायिक, कृषि पंप तथा गैर-सब्सिडी वाले सभी वर्गो के उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ा है। उनके अनुसार 100 यूनिट बिजली की खपत पर करीब 33 रुपये तथा 200 यूनिट पर लगभग 67 रुपये तक अतिरिक्त भुगतान करना पड़ रहा है। यूनिट दरों में वृद्धि के साथ बिजली शुल्क, ड्यूटी और अन्य प्रभार जुड़ने से उपभोक्ताओं के बिल और अधिक बढ़ गए हैं।

कांग्रेस नेता मनराखन देवांगन ने बताया कि यह अभियान खैरागढ़ शहर के सभी 20 वार्डों में चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों से संवाद करेंगे और स्मार्ट मीटर हटाने, बिजली दरों में कमी तथा 400 यूनिट तक बिजली बिल माफ करने की मांग को लेकर आवेदन भरवाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र समाधान नहीं किया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। अभियान में किशन रजक, रिंकू गुप्ता, पूरन सारथी, रविंद्र सिंह गहेरवार, मनोहर सेन, गिरीश सारथी, रतन सिंघी, शिवानंद यादव, हरिदर्शन ढीमर, रानू नियाजी, डोमार सिंह लोधी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Exit mobile version