स्कूल के छात्रों ने रचा सफलता का इतिहास, नवोदय व सैनिक स्कूल में चयन

सत्यमेव न्यूज गंडई पंडरिया। नगर से लगे ग्राम सर्राकापा स्थित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यहां के चार छात्रों का चयन प्रतिष्ठित आवासीय शिक्षण संस्थानों में हुआ है जो स्कूल और गांव दोनों के लिए गौरव का विषय है। विद्यालय के छात्र विक्रम मंडावी पिता कुलेश्वर मंडावी और खुशांश वर्मा पिता महेश वर्मा का चयन नवोदय विद्यालय डोंगरगढ़ के लिए हुआ है। वहीं खुशांश वर्मा और ओजस साहू ने सैनिक स्कूल की प्रवेश परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अपनी काबिलियत का परिचय दिया है। खास बात यह है कि खुशांश वर्मा ने दोनों परीक्षाओं में चयनित होकर दोहरी उपलब्धि हासिल की है। इन सभी विद्यार्थियों ने प्रारंभ से ही पढ़ाई के प्रति लगन और अनुशासन बनाए रखा। साथ ही उन्हें गंडई स्थित नि:शुल्क कोचिंग संस्थान और लक्ष्य छत्तीसगढ़ से मार्गदर्शन मिला जिसने उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। छात्रों की इस उपलब्धि पर संकुल प्राचार्य पोर्णिमा नेताम, संकुल समन्वयक राजेश श्रीवास्तव, प्रधानपाठक सरोज ताम्रकार, शिक्षिका कल्याणी नेताम सहित शिक्षक भागचंद साहू, महेश वर्मा, उमाशंकर पटेल और ग्राम सरपंच शंकर गंधर्व ने हर्ष व्यक्त किया है। सभी ने बच्चों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह सफलता न केवल विद्यालय के शिक्षकों के समर्पण को दर्शाती है बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की प्रतिभा और परिश्रम का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करती है।

Exit mobile version