स्कूलों में अचानक पहुंचे डीईओ, कहीं बंद मिला प्राचार्य कक्ष तो कहीं गंदगी पर लगाई फटकार

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन ने जिले की शिक्षा व्यवस्था में कसावट लाने की शुरुआत विद्यालयों के औचक निरीक्षण से की। पदभार संभालने के अगले ही दिन शनिवार को उन्होंने खैरागढ़ विकासखंड के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों का निरीक्षण कर पढ़ाई की गुणवत्ता विद्यार्थियों के अधिगम स्तर और स्कूलों में उपलब्ध व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति देखी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बढ़ईटोला में निरीक्षण के दौरान डीईओ ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और विभिन्न विषयों से संबंधित सवाल पूछकर उनके ज्ञान एवं समझ का आकलन किया। विद्यार्थियों के संतोषजनक उत्तर देने पर उन्होंने तत्काल पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं निरीक्षण के दौरान प्राचार्य कक्ष में ताला लगा मिला। इसके अलावा प्राचार्य कक्ष से लगे शौचालय में अत्यधिक गंदगी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण में शनिवार को विद्यालय का संचालन प्रातः 7:30 बजे से होना भी पाया गया जबकि लोक शिक्षण संचालनालय रायपुर के 12 जून 2026 के निर्देश के अनुसार स्कूल संचालन का समय प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित है। विद्यालय परिसर में प्रेरणादायी स्लोगन का अभाव भी सामने आया। डीईओ ने व्यवस्थाओं को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप दुरुस्त करने के निर्देश दिए। हालांकि विद्यालय परिसर में पेड़-पौधों एवं प्राकृतिक वातावरण को बेहतर बनाए रखने के प्रयास तथा मां सरस्वती की प्रतिमा की बेहतर स्थापना के लिए प्राचार्य की सराहना भी की गई। इसके बाद उन्होंने माइलस्टोन पब्लिक स्कूल और सरस्वती शिशु मंदिर का निरीक्षण किया। माइलस्टोन पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों की अंग्रेजी भाषा दक्षता बढ़ाने के लिए प्रतिदिन 10 नए अंग्रेजी शब्द सिखाने और उनके व्यवहारिक प्रयोग का अभ्यास कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यालय परिसर में प्रेरणादायी स्लोगन प्रदर्शित करने को कहा गया। निरीक्षण का सबसे सहज और संवादपूर्ण दृश्य सेजेस बालक विद्यालय में देखने को मिला। यहां डीईओ बच्चों के बीच जमीन पर बैठ गए और उनके साथ भोजन मंत्र का उच्चारण करते हुए मध्यान्ह भोजन किया। इस दौरान उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और बच्चों की सुविधाओं की भी जानकारी ली। डीईओ के निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सहायक संचालक मनोहर लाल चंदेल और बीआरसी खैरागढ़ सुजीत सिंह चौहान मौजूद रहे। डीईओ उपेंद्र कुमार देवांगन ने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा विद्यार्थियों का बेहतर अधिगम तथा अनुशासित एवं स्वच्छ वातावरण विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। औचक निरीक्षण का उद्देश्य कमियों को सामने लाकर उनमें प्रभावी सुधार सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि जिले की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के लिए 16 सितंबर को जिले के सभी प्राचार्यों और संकुल समन्वयकों की वृहद कार्यशाला आयोजित की जाएगी।

Exit mobile version