
ग्रामीणों को भी किया पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित
सत्यमेव न्यूज गंडई-पंडरिया। पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शासकीय प्राथमिक शाला पंडरिया में शुक्रवार को अभिनव गतिविधि का आयोजन किया गया है। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने हाथों से मिट्टी और बीजों से सीड बॉल तैयार कर हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया है। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने तैयार की गई सीड बॉल्स का उपयोग कर स्कूल परिसर में पौधरोपण किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एसएमसी अध्यक्ष मंजू यादव, सरपंच जानकी जंघेल, सभापति ज्योति जंघेल तथा गांव के अन्य ग्रामीणों को सीड बॉल्स भेंट करते हुए उन्हें अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने के लिए प्रेरित किया है। इस अवसर पर प्रधान पाठक शिवांगी पसीने ने बच्चों एवं ग्रामीणों को सीड बॉल की उपयोगिता बताते हुए कहा कि वर्षा ऋतु में इन्हें खुले स्थानों पर डालने से बीज आसानी से अंकुरित होकर पौधों का रूप ले लेते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण में सभी की सहभागिता पर जोर दिया है। विद्यालय के विद्यार्थियों की इस रचनात्मक पहल की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायी प्रयास बताया। बच्चों के उत्साह और सहभागिता से विद्यालय परिसर में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ गांव में भी पर्यावरण संरक्षण का सकारात्मक संदेश पहुंचा है।