
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों से सतर्क करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस ने प्रदेशव्यापी साइबर जागृति अभियान शुरू किया है। स्वतंत्रता दिवस से गांधी जयंती तक चलने वाले इस अभियान के तहत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में भी अलग-अलग वर्गों को केंद्र में रखकर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह में सांसद संतोष पांडेय ने जिलेवासियों को अभियान की जानकारी देते हुए साइबर सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध आज केवल तकनीकी समस्या नहीं बल्कि सामाजिक चुनौती बन चुका है। इससे निपटने के लिए पुलिस के साथ आम नागरिकों की जागरूकता और सहभागिता भी जरूरी है।
‘एक सेल्फी’ से फैलेगा साइबर सुरक्षा का संदेश
अभियान की खास पहल साइबर जागृति की एक सेल्फी है। इसके तहत नागरिक साइबर जागरूकता से जुड़े सेल्फी फ्रेम में फोटो लेकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करेंगे। पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध लिंक अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से इस अभियान से जुड़ा जा सकेगा। उद्देश्य सोशल मीडिया की पहुंच का उपयोग करते हुए साइबर सुरक्षा के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। सांसद पांडेय ने सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों जनप्रतिनिधियों शिक्षण संस्थानों युवाओं विद्यार्थियों कलाकारों सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है।
हर सप्ताह अलग विषय पर जागरूकता
जिले में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक सात चरणों में अभियान संचालित होगा। पहले सप्ताह स्कूल-कॉलेजों में डिजिटल सतर्कता और ऑनलाइन सुरक्षा की जानकारी दी जाएगी। दूसरे चरण में बैंकिंग संस्थानों के सहयोग से यूपीआई और वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए जाएंगे। तीसरे सप्ताह वरिष्ठ नागरिकों के बीच डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल को लेकर जागरूकता कार्यक्रम होंगे। चौथे चरण में महिलाओं एवं सामुदायिक समूहों को स्मार्टफोन प्राइवेसी और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग की जानकारी दी जाएगी। पांचवें सप्ताह युवाओं को ऑनलाइन नौकरी के नाम पर होने वाली ठगी और फिशिंग से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा। छठे चरण में डेटा प्राइवेसी तथा सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर कार्यक्रम होंगे। अंतिम सप्ताह ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में साइबर मुक्त छत्तीसगढ़ का संकल्प दिलाया जाएगा।
पुलिस सोशल मीडिया के जरिए भी चलाएगी अभियान
अभियान के दौरान केसीजी पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और विभिन्न व्हाट्सऐप समूहों के माध्यम से साइबर सुरक्षा संबंधी संदेश लिंक और अन्य उपयोगी जानकारी प्रसारित की जाएगी। पुलिस का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी इलाकों तक अधिक से अधिक लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया जाए। सांसद पांडेय ने नागरिकों से अपील की कि वे अनजान लोगों के साथ ओटीपी बैंक खाते की जानकारी पासवर्ड अथवा अन्य व्यक्तिगत एवं वित्तीय विवरण साझा न करें। किसी संदिग्ध ऑनलाइन लेनदेन या ठगी की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के साथ साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें। 2 अक्टूबर को अभियान के समापन पर साइबर अपराध से सुरक्षित समाज बनाने का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।