
8 स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी से बचाव की दी गई जानकारी
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा संचालित साइबर जागृति अभियान के द्वितीय सप्ताह के तहत बुधवार को जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के अंतर्गत जिले के 8 अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर आम नागरिकों विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रमों के दौरान बैंक एटीएम वित्तीय संस्थानों स्थानीय बाजारों और स्कूलों में पहुंचकर लोगों को ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई। पुलिस ने UPI फ्रॉड, फर्जी कॉल एवं मैसेज, OTP साझा करने PIN और CVV की जानकारी देने QR कोड के माध्यम से होने वाली ठगी तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से होने वाले साइबर अपराधों के प्रति सावधान किया। अभियान के दौरान कुल 1,420 आम नागरिक छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक हुए। पुलिस ने लोगों को साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, CVV अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध लिंक या ऑनलाइन ऑफर के झांसे में आने से बचें। KCG पुलिस ने संदेश दिया कि सतर्कता और जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध की रोकथाम केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।