साइकिल दिवस पर नगर में निकाली गई प्रेरक साइकिल रैली

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। विश्व साइकिल दिवस पर रविवार को नगर में स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साइकिल रैली का आयोजन किया गया। खेल एवं युवक कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस रैली की शुरुआत ऐतिहासिक फतेह मैदान से हुई जहां जिला मुख्य आयुक्त भारत स्काउट्स एवं गाइड्स भागवत शरण सिंह ने हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना किया। रैली में विभिन्न खेलों के खिलाड़ी, स्काउट गाइड सदस्य विद्यार्थी, युवा तथा आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए प्रतिभागियों ने लोगों को फिट रहने, प्रदूषण कम करने और दैनिक जीवन में साइकिल को अपनाने का संदेश दिया। पूरे मार्ग में उत्साह और जागरूकता का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भागवत शरण सिंह ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली के कारण बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच साइकिल एक सरल लेकिन प्रभावी समाधान बनकर उभरी है। उन्होंने कहा कि नियमित साइकिल चलाने से न केवल शारीरिक क्षमता बढ़ती है बल्कि ईंधन की बचत और प्रदूषण नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है। उन्होंने युवाओं से खेल गतिविधियों और शारीरिक व्यायाम को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि तकनीक पर अत्यधिक निर्भरता से बाहर निकलकर सक्रिय जीवनशैली अपनाने की जरूरत है। सप्ताह में कुछ समय साइकिलिंग के लिए निकालना व्यक्तिगत स्वास्थ्य और समाज दोनों के लिए लाभकारी साबित हो सकता है।

खेल एवं युवक कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि साइकिल एक ऐसा परिवहन साधन है जो आर्थिक होने के साथ-साथ पर्यावरण के लिए भी अनुकूल है। इसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और इसके उपयोग को बढ़ावा देने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बीएमओ डॉ. विवेक बिसेन, समाजसेवी सूरज देवांगन, मंगल सारथी, उत्तम दशरिया, कौशल जैन एवं विनोद रजक सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में सहायक खेल अधिकारी प्रिनकेश कश्यप तथा ताजू खान गौरी, कुशल धुरु, नंदस्वरी जोशी, निधि साहू और शिताषु गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Exit mobile version