समय पर उर्वरक मिलने से किसानों में बढ़ा उत्साह, खेती की तैयारियों को मिल रही रफ्तार

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खरीफ सीजन में किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने की जिला प्रशासन की पहल का सकारात्मक असर अब गांवों में दिखाई देने लगा है। ग्राम अवेली के किसान गेंद लाल ने बताया कि इस बार सहकारी समिति के माध्यम से जरूरत के मुताबिक खाद आसानी से मिल गई जिससे खेती की तैयारियां बिना किसी परेशानी के पूरी हो सकीं। गेंद लाल ने बताया कि उन्हें सलोनी सहकारी समिति से 6 बोरी यूरिया 3 बोरी डीएपी 2 बोरी सुपर फॉस्फेट और 1 बोरी पोटाश उपलब्ध कराया गया है। समय पर उर्वरक मिलने से उन्होंने बुवाई और फसल प्रबंधन का कार्य निर्धारित समय पर शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि पहले खाद की उपलब्धता को लेकर किसानों में अनिश्चितता बनी रहती थी लेकिन इस वर्ष समिति में पर्याप्त भंडारण और सुव्यवस्थित वितरण व्यवस्था के कारण किसी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ा। इससे किसानों का भरोसा भी मजबूत हुआ है और अच्छी पैदावार की उम्मीद बढ़ी है। जिले में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन में उर्वरकों के भंडारण और वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन की इस व्यवस्था का लाभ किसानों को समय पर मिल रहा है, जिससे कृषि कार्यों में तेजी आई है और खरीफ सीजन की तैयारियां सुचारू रूप से आगे बढ़ रही हैं।

Exit mobile version