
पुलिस ने 15 आरोपी को किया गिरफ्तार
सत्यमेव न्यूज़ मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले से रिश्तों को कलंकित करने वाली एक गंभीर आपराधिक साजिश का मामला सामने आया है। यहां एक सेवानिवृत्त शिक्षा अधिकारी दामोदर सिंह (62) की हत्या के पीछे संपत्ति विवाद की चौंकाने वाली कहानी उजागर हुई है। पुलिस जांच में पता चला है कि हत्या की साजिश किसी और ने नहीं, बल्कि उनके ही छोटे भाई ने रची थी जिसकी नजर करोड़ों की संपत्ति और सोने पर थी। मामले के अनुसार मृतक के पास लगभग 4 करोड़ रुपये की संपत्ति और करीब 30 तोला सोना था। इसी लालच में छोटे भाई ने गांव के एक युवक को हत्या के लिए तैयार किया। इसके एवज में 10 लाख रुपये नकद और 50 डिसमिल जमीन देने का सौदा तय हुआ था जिसमें से करीब 4.5 लाख रुपये अग्रिम के रूप में दिए भी जा चुके थे। योजना के तहत 21 मार्च को दामोदर सिंह को बहाने से बुलाया गया। वहां गमछे से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की पूरी कोशिश की। शव को घटनास्थल से करीब 60 किलोमीटर दूर जंगल में ले जाकर रेत में दफना दिया गया जबकि पहचान छिपाने के लिए मोबाइल फोन को नदी में फेंक दिया गया। हालांकि पुलिस की सतर्कता और जांच के चलते करीब आठ दिन बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया। लालपुर थाना क्षेत्र में दर्ज इस प्रकरण में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक पूर्व कांग्रेस नेता, चार नाबालिग और मृतक के परिजन भी शामिल हैं। पुलिस अब इस साजिश के पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित कड़ियों की गहन जांच में जुटी हुई है।