सदस्यता अभियान के लिए मुख्यमंत्री ने किया विक्रांत का सम्मान

केसीजी जिला से इकलौते भाजपा कार्यकर्ता के रूप में विक्रांत का सम्मान

खैरागढ़. भाजपा के सदस्यता संगठन महापर्व के तहत शनिवार को नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित उत्कृष्ट सदस्यता सम्मान समारोह में केसीजी जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विक्रांत सिंह को सदस्यता गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें प्रदेश में 5,000 से 10,000 के बीच नए सदस्य जोड़ने वाले चुनिंदा 20 कार्यकर्ताओं में शामिल होने पर मिला। समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशभर से आए 200 से अधिक सक्रिय कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यकर्ताओं की निष्ठा और मेहनत का परिणाम है कि भाजपा का सदस्यता अभियान एक महापर्व बन गया। पार्टी की असली ताकत जमीनी कार्यकर्ता होते हैं जिन्होंने लक्ष्य से अधिक सदस्यता जोड़कर संगठन को मजबूत किया। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और पूरी टीम को बधाई दी।

कार्यक्रम में केसीजी जिले से केवल विक्रांत सिंह को ही यह सम्मान प्राप्त हुआ जो जिले के लिए गौरव का विषय बना। सम्मान प्राप्त करने के बाद उन्होंने कहा यह उपलब्धि सिर्फ मेरी नहीं बल्कि संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं की टीम की मेहनत का फल है। हमने लगातार तीन महीने तक सदस्यता अभियान को पर्व की तरह मनाया और नए लोगों को पार्टी से जोड़ा। श्री सिंह ने बताया कि यह ऐतिहासिक अभियान प्रदेश प्रभारी अनुराग सिंहदेव, सक्रिय सदस्यता अभियान प्रभारी संजय श्रीवास्तव तथा अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में सफलता पूर्वक चला। अभियान के अंतर्गत 60 लाख प्राथमिक सदस्य और 65 हजार सक्रिय सदस्य बनाए गए। मुख्यमंत्री श्री साय ने समारोह में कहा कि यह सम्मान उन सभी कार्यकर्ताओं को समर्पित है जिन्होंने चुपचाप जमीनी स्तर पर पार्टी को मज़बूती दी। यह संगठनात्मक उपलब्धि भाजपा के आगामी राजनीतिक भविष्य को मजबूती देगी।

Exit mobile version