संयुक्त राष्ट्र दिवस पर विद्यार्थियों को विश्व शांति और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का दिया संदेश

गंडई-पंडरिया। स्व.देवी प्रसाद चौबे शासकीय महाविद्यालय गंडई में राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा संयुक्त राष्ट्र दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को संयुक्त राष्ट्र संघ की स्थापना, उद्देश्यों और कार्यप्रणाली के साथ विश्व शांति, मानवाधिकार, अंतरराष्ट्रीय सहयोग तथा सतत विकास में उसकी भूमिका से अवगत कराना था। महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य टी.एल. वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में राजनीति विज्ञान विभाग की डॉ.दिलेश्वरी साहू ने सहभागिता की। इस दौरान विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय संगठनों के महत्व और वैश्विक चुनौतियों के समाधान में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में विश्व बंधुत्व, अंतरराष्ट्रीय सद्भाव और आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा देने के साथ ही समस्याओं के शांतिपूर्ण समाधान की आवश्यकता पर बल दिया गया। अंत में विद्यार्थियों से विश्व शांति, मानव कल्याण और सहयोग के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया।

↑
Exit mobile version