संगीत नगरी खैरागढ़ में पालिका का दशहरा उत्सव आज, 51 फीट रावण का होगा दहन

सत्यमेव न्यूज के लिए आकाश तिवारी खैरागढ़। संगीत नगरी खैरागढ़ में इस वर्ष भी दशहरा उत्सव परंपरा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। नगर पालिका परिषद खैरागढ़ एवं नगर दशहरा उत्सव समिति के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार, 2 अक्टूबर की संध्या 7 बजे से बांके बिहारी मंदिर परिसर में मुख्य कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष नगरवासी एवं अतिथि एकत्रित होंगे।
इस विशेष अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, वरिष्ठ समाजसेवी घम्मन साहू, बिशेसर साहू, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गिरिजा नंद चंद्राकर सहित पार्षद एवं नगर पालिका के सभापति गण विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा निकलेगी। शोभायात्रा में भगवान राम, लक्ष्मण एवं हनुमान के स्वरूपों के साथ सुसज्जित घोड़ा-बग्गी, डीजे पर रामधुन, पारंपरिक पंथी नृत्य और राउत नाचा आकर्षण का केंद्र होंगे। नगर भ्रमण करती शोभायात्रा अंततः इतवारी बाजार स्थित रावण भाटा मैदान पहुंचेगी। यहां परंपरा अनुसार 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं समाजसेवी नंद चंद्राकर ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी विजयादशमी पर्व पर भव्य आयोजन किया जा रहा है। रात्रि लगभग 10 बजे रावण वध के साथ पुतले का दहन किया जाएगा। उन्होंने नगरवासियों से इस ऐतिहासिक पर्व में बड़ी संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।उल्लेखनीय है कि दशहरा उत्सव के अवसर पर आयोजित होने वाला सुप्रसिद्ध लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम लोक रंग इस बार मौसम की विपरीत परिस्थितियों के चलते स्थगित कर दिया गया है।

Exit mobile version