श्यामलाल और नरसिंग को मिला श्रवण यंत्र

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है। इसी क्रम में ग्राम टेकापार कला निवासी श्यामलाल वर्मा एवं नरसिंग वर्मा को संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सुमन राज द्वारा श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। श्रवण यंत्र मिलने के बाद दोनों हितग्राहियों के चेहरे पर खुशी साफ झलकने लगी। बताया गया कि सुनने में परेशानी होने के कारण दोनों लंबे समय से दैनिक जीवन की कई कठिनाइयों से जूझ रहे थे। लोगों की बातें स्पष्ट रूप से सुन नहीं पाने से सामाजिक गतिविधियों, पारिवारिक संवाद और सामान्य कार्यों में उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित पहल कर श्रवण यंत्र उपलब्ध कराया।
श्रवण यंत्र प्राप्त करने के बाद दोनों हितग्राहियों ने बताया कि अब वे पहले की तुलना में लोगों की बातें अधिक स्पष्टता से सुन पा रहे हैं। इससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है और वे सामाजिक व पारिवारिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग ले सकेंगे। उन्होंने इसे अपने जीवन के लिए महत्वपूर्ण सहायता बताते हुए शासन और प्रशासन का आभार जताया। संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सुमन राज ने कहा कि दिव्यांगजनों और जरूरतमंद व्यक्तियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना शासन की प्राथमिकता है। प्रशासन पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। श्रवण यंत्र प्राप्त करने वाले दोनों हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री, जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग के प्रति धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहायता से उनके जीवन में नई उम्मीद और आत्मनिर्भरता का संचार हुआ है।

Exit mobile version