शिक्षा के प्रति समर्पण ने दिलाया सम्मान, डॉ. विनीता राजपूत राज्यपाल से होंगी सम्मानित

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण नवाचार और सेवाभाव के साथ कार्य करने वाली प्राथमिक शाला मडौदा विकासखंड खैरागढ़ की प्रधानपाठिका डॉ. विनीता राजपूत का उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य एवं सेवाभाव के लिए सम्मान हेतु चयन किया गया है। उन्हें राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया जाएगा। उनके चयन से शिक्षा जगत के साथ ही खैरागढ़ क्षेत्र में भी हर्ष का माहौल है। डॉ. राजपूत ने अपने शिक्षकीय दायित्वों का निर्वहन करते हुए विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बच्चों में अनुशासन संस्कार नैतिक मूल्यों और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए। उनकी कार्यशैली में शिक्षा को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय बच्चों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी गई। आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा को लेकर भी डॉ. राजपूत का विशेष योगदान रहा है। ऐसे बच्चों को वे व्यक्तिगत स्तर पर प्रोत्साहित करने के साथ उनकी पढ़ाई जारी रखने तथा आगे उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए मार्गदर्शन देती रही हैं। उनके इन प्रयासों का विद्यार्थियों और अभिभावकों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। उनके शैक्षणिक योगदान सेवाभाव और विद्यार्थियों के प्रति समर्पित कार्यों को देखते हुए सम्मान के लिए उनका चयन किया गया है। सम्मान के लिए चयन होने पर डॉ. राजपूत ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने अपने अधिकारियों सहकर्मियों विद्यार्थियों अभिभावकों और सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया। राज्यपाल के हाथों सम्मानित होने की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र के शिक्षकों अभिभावकों और शुभचिंतकों ने डॉ. विनीता राजपूत को बधाई दी। लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे खैरागढ़ के शिक्षा क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

Exit mobile version