शासकीय पॉलिटेक्निक खैरागढ़ में NEP 2020 पर एक दिवसीय कार्यशाला

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शासकीय पॉलिटेक्निक खैरागढ़ में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के इंडक्शन प्रोग्राम के तहत राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (NEP 2020) को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नई शिक्षा नीति की अवधारणा और तकनीकी शिक्षा पर उसके प्रभावों की व्यावहारिक जानकारी देना था। कार्यशाला में विषय विशेषज्ञ डॉ. साजी टी. चाको ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रमुख प्रावधानों और उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कौशल आधारित शिक्षा विद्यार्थियों के समग्र विकास, बहु-प्रवेश एवं बहु-निकास व्यवस्था तथा तकनीकी शिक्षा को रोजगारपरक बनाने में NEP 2020 की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नई शिक्षा नीति से जुड़े विभिन्न विषयों को रुचि के साथ समझा। उन्होंने विशेषज्ञ के समक्ष अपनी जिज्ञासाएं और प्रश्न रखे जिनका समाधान उदाहरणों के माध्यम से किया गया। कार्यशाला के जरिए विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर मिला कि बदलती शिक्षा व्यवस्था में केवल पाठ्यक्रमीय ज्ञान ही नहीं बल्कि कौशल व्यावहारिक दक्षता और निरंतर सीखने की क्षमता भी महत्वपूर्ण है। कार्यशाला में संस्था के सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य ने विषय विशेषज्ञ एवं उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन मेहनत और निरंतर सीखने की भावना के साथ तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने NEP 2020 के अनुरूप अपने ज्ञान एवं कौशल को विकसित कर भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया है।

Exit mobile version