शराब के लिए पैसे नहीं देने पर युवक से मारपीट और लूट

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। शराब पीने के लिए पैसे मांगने पर इंकार करने वाले एक युवक के साथ मारपीट कर लूटपाट करने वाले आरोपियों को छुईखदान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी के साथ दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से लूटी गई नगदी राशि तथा घटना में प्रयुक्त चाकूनुमा हथियार बरामद किया है। पुलिस ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि वार्ड क्रमांक 03 जमातपारा निवासी 40 वर्षीय शत्रुघ्न यादव ने थाना छुईखदान में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 जून को वह शराब भट्ठी के पास मौजूद था। इसी दौरान राहुल कुम्भकार और उसके साथ दो अन्य बालकों ने उससे शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। जब उसने पैसे देने से मना कर दिया, तो तीनों ने मिलकर उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। आरोप है कि मारपीट के दौरान मुख्य आरोपी ने धारदार चाकूनुमा वस्तु से हमला कर शत्रुघ्न यादव के बाएं हाथ में चोट पहुंचाई। इसके बाद आरोपियों ने उसकी पैंट की जेब से नगदी निकाल ली और मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर थाना छुईखदान में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में मुख्य आरोपी राहुल कुम्भकार तथा दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई 300 रुपये की नगदी तथा वारदात में प्रयुक्त लोहे का चाकू बरामद कर जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी राहुल कुम्भकार (21 वर्ष), निवासी टिकरीपारा छुईखदान को न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने के बाद न्यायिक रिमांड पर उपजेल सलोनी भेज दिया गया वहीं दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्यायालय राजनांदगांव में पेश किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में लूट, मारपीट और असामाजिक गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Exit mobile version