वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर खैरागढ़ में कांग्रेस की हुंकार

खैरागढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं एआईसीसी पर्यवेक्षक राजेश ठाकुर खैरागढ़ पहुंचे। संस्कृति भवन में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में उन्होंने मताधिकार की रक्षा, निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

मताधिकार की रक्षा के लिए आएं आगे- राजेश ठाकुर

राजेश ठाकुर ने कहा कि प्रत्येक वोट देश के भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कथित वोट चोरी के विरोध में कार्यकर्ताओं से सहयोग मांगा और अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने के साथ दिल्ली पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की। उन्होंने भाजपा पर मतदाताओं के अधिकारों को प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।

शाहिद भाई और विधायक यशोदा वर्मा ने भी रखे विचार

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री शाहिद भाई ने संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा पर जोर दिया। उन्होंने भाजपा सरकार पर संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास बनाए रखना जरूरी है। विधायक यशोदा वर्मा ने कार्यकर्ताओं से अभियान का संदेश गांवों और वार्डों तक पहुंचाने तथा लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक वोट का सम्मान और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता आवश्यक है। बैठक में डोंगरगढ़ के पूर्व विधायक भुवनेश्वर बघेल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य नीलांबर वर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू, किशोर दास वैष्णव, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सिरमौर सहित मनराखन देवांगन, सज्जाक खान, आकाशदीप सिंह, भीखम छाजेड़, आरती महोबिया, दीपक देवांगन, अब्दुल रज्जाक खान, रिंकू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

↑
Exit mobile version