वीबी-जी राम जी अधिनियम लागू करने प्रशासनिक तैयारियां तेज, 15 जून तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। केंद्र सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा अधिसूचित वीबी-जी राम जी अधिनियम 2025 को आगामी 1 जुलाई 2026 से देशभर में लागू किया जाना है। इसके मद्देनज़र जिले में प्रशासनिक एवं तकनीकी तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में की। सर्वप्रथम 21 अप्रैल 2026 को हुई समीक्षा बैठक के पालन प्रतिवेदन पर चर्चा करते हुए विभिन्न विभागों से लंबित कार्यों की अद्यतन जानकारी ली गई। जल संसाधन, कृषि, उद्यानिकी एवं वन विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अधिनियम लागू होने से पहले सभी आवश्यक प्रक्रियाएं 15 जून तक पूर्ण कर ली जाएं। समीक्षा के दौरान मिट्टी संबंधी कार्यों के सत्यापन युक्त धारा आधारित ग्राम पंचायत योजना प्राप्त शिकायतों के निराकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत मजदूरी भुगतान, हितग्राहियों के ई-केवाईसी वृक्षारोपण एवं नर्सरी गतिविधियों तथा ग्राम सभाओं से अनुमोदन प्राप्त करने की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। सीईओ ने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पूर्व सभी कार्यों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर लंबित प्रकरण न रहें। साथ ही शासन एवं भारत सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version