विश्व सिकल सेल दिवस पर 20 हजार जेनेटिक कार्ड वितरण का अभियान शुरू

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में सिकल सेल उन्मूलन अभियान को गति देते हुए 20 हजार जेनेटिक पीवीसी कार्ड वितरण के लिए संबंधित क्षेत्रों में भेजे गए। इसके साथ ही सिकल सेल रोग के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रचार सामग्री का भी लोकार्पण किया गया। यह पहल जिला पंचायत की स्वास्थ्य लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी जल संसाधन एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) स्थायी समिति की बैठक के दौरान की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति सभापति अरुणा राजू सिंह ने की। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य भुनेश्वरी जीवन देवांगन और दिनेश वर्मा भी मौजूद रहे। बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय सिकल सेल उन्मूलन मिशन के तहत जिले में लगातार स्क्रीनिंग पहचान और जागरूकता संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अधिकारियों ने मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन और अधिक से अधिक लोगों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करने पर चर्चा की है।मानसून को देखते हुए समिति ने पेयजल व्यवस्था स्वच्छता और जनस्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के साथ-साथ जल स्रोतों का नियमित रखरखाव जल गुणवत्ता परीक्षण और शुद्धीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। डायरिया की संभावित स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को संवेदनशील गांवों में विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यक दवाओं और चिकित्सा संसाधनों का पर्याप्त भंडारण करने के निर्देश दिए गए। वहीं सर्पदंश की घटनाओं को कम करने और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया है। स्वास्थ्य संस्थानों में एंटी-स्नेक वेनम सहित जरूरी जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की। साथ ही वर्षाकाल के दौरान स्वास्थ्य और पेयजल संबंधी चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए विभागीय समन्वय को और मजबूत करने पर सहमति बनी है। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता प्रदीप खलखो जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता बीरेंद्र कुमार मरकाम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version