विश्व ड्रग्स दिवस पर हुआ विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। विश्व ड्रग्स दिवस के अवसर पर शुक्रवार को ग्राम टेकापार कला में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजनांदगांव के मासिक कार्ययोजना के अंतर्गत विशेष विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों और उनसे बचाव के प्रति जागरूक करना रहा है। शिविर में पैरा लीगल वालंटियर गोलूदास ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ष 26 जून को विश्व ड्रग दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य नशीली दवाओं के दुरुपयोग अवैध तस्करी और इससे होने वाले सामाजिक मानसिक एवं शारीरिक नुकसान के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि नशे की लत से जूझ रहे लोगों को अपराधी नहीं बल्कि उपचार और सहयोग की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए समाज परिवार और प्रशासन सभी की जिम्मेदारी है। यदि किसी व्यक्ति को नशे की समस्या हो तो सरकार की राष्ट्रीय नशामुक्ति हेल्पलाइन 14446 अथवा 1933 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय सहयोग देने का सामूहिक संकल्प भी लिया है। शिविर का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष विजय कुमार होता के निर्देश तथा तालुक विधिक सेवा समिति खैरागढ़ की अध्यक्ष मोहनी कंवर एवं सचिव निलेश जगदल्ला के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर सरपंच दीनू नेताम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Exit mobile version