विश्वविद्यालय परिसर में साइबर सुरक्षा का पाठ, विद्यार्थियों को बताए डिजिटल ठगी से बचाव के तरीके

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। राजकुमारी इन्दिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ में विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर जागृति अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय के कैंपस-02 स्थित नरेंद्र देव वर्मा प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। पुलिस अधीक्षक जिला केसीजी लक्ष्य शर्मा, विश्वविद्यालय के कुलसचिव वेंकटरमन गुडे, अधिष्ठाता छात्र कल्याण देवमाइत मिंज और सहायक कुलसचिव विजय सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विश्वविद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया।

मुख्य वक्ता पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल तकनीक ने रोजमर्रा के कामों को आसान बनाया है लेकिन इसके साथ साइबर अपराध की नई चुनौतियां भी सामने आई हैं। ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और विभिन्न डिजिटल माध्यमों से होने वाले अपराधों से बचने के लिए जागरूक और सतर्क रहना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि अनजान नंबरों से आने वाले कॉल संदेश और लिंक पर बिना जांचे भरोसा न करें। किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी पासवर्ड बैंक संबंधी जानकारी या अन्य निजी विवरण साझा न करने की सलाह भी दी गई। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचाव में सावधानी सबसे प्रभावी सुरक्षा है।

साइबर सेल खैरागढ़ के कमलेश ने साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को सोशल मीडिया ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल भुगतान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया। उन्होंने मजबूत पासवर्ड रखने निजी जानकारी सार्वजनिक न करने और संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों से दूर रहने की समझाइश दी। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर अपराध का शिकार होता है तो घबराने के बजाय तत्काल पुलिस अथवा संबंधित साइबर सहायता तंत्र से संपर्क करना चाहिए ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। कार्यक्रम में एसडीओपी खैरागढ़ उषा रानी, एसडीओपी खैरागढ़ आशीष कुंजाम, थाना प्रभारी साइबर सेल खैरागढ़ सत्यम सिंह चौहान सहित विश्वविद्यालय के अधिष्ठातागण शिक्षक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रबोध कुमार गुप्ता ने किया। उन्होंने साइबर जागृति अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए डिजिटल सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल स्वयं साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने बल्कि अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप को समझने और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया है।

Exit mobile version