
सत्यमेव न्यूज गंडईपंडरिया। भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर स्व. देवी प्रसाद चौबे शासकीय महाविद्यालय गंडई में शुक्रवार को विद्यार्थियों के लिए विभिन्न शैक्षणिक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। सेमिनार हॉल में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभाजन के ऐतिहासिक घटनाक्रम, उसके दूरगामी सामाजिक प्रभाव और मानवीय पीड़ा पर अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने विभाजन के दौरान सामने आई परिस्थितियों और उससे जुड़े अनुभवों को रेखांकित किया। वक्ताओं ने कहा कि इतिहास के इस पीड़ादायक अध्याय को याद करने का उद्देश्य केवल अतीत को जानना नहीं बल्कि वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों को एकता, सद्भाव और भाईचारे का महत्व समझाना भी है। महाविद्यालय में विद्यार्थियों को विभाजन से संबंधित ऐतिहासिक तथ्यों तथा उसके मानवीय पक्ष की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, आपसी सहयोग और सौहार्द बनाए रखने का संदेश भी दिया गया। प्राचार्य डॉ. एनएस वर्मा ने विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां युवाओं को देश के इतिहास के महत्वपूर्ण प्रसंगों से परिचित कराने के साथ ही उनमें राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव की भावना को मजबूत करती है। कार्यक्रम प्रभारी भागवत राम वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक टोपलाल वर्मा, गावस्कर कौशिक, कार्यालयीन कर्मचारी तथा महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।