
46.63 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मिली प्रशासकीय स्वीकृति
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक श्रीमती यशोदा नीलाम्बर वर्मा के सतत प्रयासों से बजट वर्ष 2025–26 में शामिल विभिन्न विकास कार्यों को कुल 46.63 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। इस स्वीकृति से क्षेत्र में आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण को नई गति मिलेगी। जानकारी अनुसार जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई अंतर्गत सड़क, पुल-पुलिया, पहुंच मार्ग, चौड़ीकरण एवं सुरक्षा उपायों से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों को मंजूरी दी गई है। इनमें विद्यमान सड़कों के रोड सेफ्टी ऑडिट के अनुरूप सुधार एवं सुरक्षा उपाय हेतु 163.04 लाख रुपये, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) खैरागढ़ के पहुंच मार्ग (2.00 किमी) के लिए 158.41 लाख रुपये शामिल हैं। इसके अलावा राजनांदगांव-कवर्धा मार्ग (राज्य मार्ग क्रमांक-05) पर कि.मी. 51/10 पर उच्चस्तरीय पुल निर्माण हेतु 346.77 लाख रुपये तथा कि.मी. 55/10 पर घिरघोली नाला पर उच्चस्तरीय पुल निर्माण के लिए 434.85 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं वहीं राजनांदगांव-कवर्धा-पोंड़ी मार्ग के कि.मी. 4/2 से 38/4 (34.40 किमी) तक चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण हेतु भू-अर्जन व यूटिलिटी शिफ्टिंग कार्यों के लिए 1586.22 लाख रुपये की मंजूरी मिली है। साथ ही विधानसभा में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी महत्वपूर्ण कार्य स्वीकृत हुए हैं। करमतरा से घुमर्रा मार्ग (4.00 किमी) के लिए 375.08 लाख रुपये, गण्डई के कृतबांस मार्ग पर सुरदी (सुरही नदी) पर उच्चस्तरीय पुल व पहुंच मार्ग हेतु 342.83 लाख रुपये, तथा गण्डई-लिमों-दुल्लापुर मार्ग पर कर्रा नाला पर उच्चस्तरीय पुल निर्माण के लिए 382.05 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इसी क्रम में खैरागढ़-अकरजन मार्ग (मु.जि.मा.) पर मोती नाला पर उच्चस्तरीय पुल निर्माण हेतु 686.56 लाख रुपये तथा जिले के राज्यमार्गों पर जंक्शन सुधार एवं आईआरसी मानकों के अनुसार क्रैश बैरियर स्थापना के लिए 187.22 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इन स्वीकृतियों से क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को बल मिला है। निर्माण कार्य पूर्ण होने पर आवागमन सुगम होगा, सड़क सुरक्षा में सुधार आएगा और ग्रामीण व शहरी दोनों क्षेत्रों के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही क्षेत्र की समग्र तस्वीर में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा। क्षेत्र के नागरिकों ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए विधायक श्रीमती यशोदा नीलाम्बर वर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में खैरागढ़ विधानसभा में विकास कार्य निरंतर गति पकड़ रहे हैं और बुनियादी सुविधाओं का स्वरूप सशक्त हो रहा है।