विद्युत करंट से मवेशियों की मौत पर पशुपालकों को मिली सहायता राशि

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। पैलीमेटा वितरण केंद्र अंतर्गत ग्राम जीराटोला में विद्युत करंट की चपेट में आने से सात मवेशियों की मौत के मामले में प्रभावित पशुपालकों को सहायता राशि प्रदान की गई।सुशासन तिहार के तहत आयोजित कार्यक्रम में बिजली विभाग द्वारा पीड़ित परिवारों को मुआवजा राशि के चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम में बिजली विभाग के कार्यपालन अभियंता ए.के. दुबे तथा ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्रभावित पशुपालकों को सहायता राशि सौंपी गई। विभागीय अधिकारियों ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए मुआवजा प्रक्रिया पूरी की गई ताकि प्रभावित परिवारों को जल्द राहत मिल सके। बिजली विभाग के प्रमुख कार्यपालक निदेशक शिरीष सलेट एवं अधीक्षण अभियंता शक्केश्वर कंवर के मार्गदर्शन में सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त शिकायतों और समस्याओं के निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में विद्युत दुर्घटना से प्रभावित पशुपालकों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विद्युत लाइनों और उपकरणों की नियमित निगरानी तथा सुरक्षा उपायों को और मजबूत किया जाएगा।

Exit mobile version