लिफ्ट देने का झांसा देकर युवती से छेड़छाड़, दो आरोपी युवक गिरफ्तार

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। केसीजी जिले के साल्हेवारा थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ छेड़छाड़ करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपियों पर महिला को मोटर साइकिल में बैठाकर सुनसान स्थान ले जाने और उसके साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय पीड़िता ने 10 जून को थाना साल्हेवारा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह 8 जून की दोपहर मनरेगा कार्यस्थल पर फोटो खिंचवाने के लिए पैदल जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में मोटर साइकिल सवार दो युवकों ने उसे गंतव्य तक छोड़ने की बात कहकर अपने वाहन में बैठा लिया। आरोप है कि बांधाटोला के समीप एक सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद दोनों युवकों ने मोटर साइकिल रोककर महिला के साथ छेड़छाड़ की। महिला के विरोध और शोर मचाने पर आरोपी वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। पीड़िता की शिकायत पर साल्हेवारा थाना में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान देवपुराघाट निवासी सिरताज खान (29 वर्ष) और रितेश मारकंडे (18 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल भी जब्त कर ली गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मामले की आगे की विवेचना जारी है।

Exit mobile version