
सत्यमेव न्यूज। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के तहत रायपुर के इनडोर स्टेडियम में राज्यस्तरीय लखपति दीदी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में संपन्न हुआ जिसमें उपमुख्यमंत्री की भी विशेष उपस्थिति रही। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से सात हजार से अधिक लखपति दीदियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान बिहान मिशन के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले कम्युनिटी कैडर और संगठनों को सम्मानित किया गया। जिला खैरागढ़ छुईखदान गंडई से प्रतिमा वर्मा विकासखंड खैरागढ़ को सक्रिय महिला के रूप में सम्मानित किया गया। उन्होंने विशेष पिछड़े ग्रामों में 12 स्व-सहायता समूहों का गठन कराने के साथ ही समूहों को लेखा-जोखा और पुस्तक संचालन का प्रशिक्षण देकर उन्हें सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इसी क्रम में छुईखदान विकासखंड की सेवती साहू को लखपति सीआरपी के रूप में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान मिला। उन्होंने 109 लखपति दीदियों को तैयार करने के साथ अन्य सीआरपी को भी प्रशिक्षण देकर आजीविका गतिविधियों को मजबूत बनाने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। कार्यक्रम में स्वर्णउपज महिला किसान उत्पादक कंपनी एफपीओ को भी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। संस्था ने 15,825 महिला किसानों को शेयरधारक के रूप में जोड़ा है तथा 70 कृषि उत्पाद खरीदी केंद्र स्थापित किए हैं। इसके साथ ही चना दाल प्रसंस्करण प्लांट का सफल संचालन भी किया जा रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा लखपति दीदियों के उत्कृष्ट कार्यों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया गया। जिले की महिलाओं और संगठनों को मिले इस राज्यस्तरीय सम्मान से खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में उत्साह और गौरव का माहौल है।