हथकरघा उद्यमियों को मिला तकनीकी व व्यावसायिक मार्गदर्शन
खैरागढ़। केंद्र सरकार की रैंप योजना के तहत जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के बुनकर केंद्र खैरागढ़ में हथकरघा क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों के लिए तीन दिवसीय सेक्टर स्पेसिफिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार तथा राज्य शासन की पहल पर सीएसआईडीसी रायपुर के बैनर तले चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आयोजित किया गया जिसमें 30 उद्यमियों एवं महिला उद्यमियों ने सहभागिता की।प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्योगों को बढ़ावा देना, स्वरोजगार के अवसरों का विस्तार करना तथा प्रतिभागियों को व्यवहारिक एवं तकनीकी ज्ञान से सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम के प्रथम दिवस प्रतिभागियों से संवाद कर उनकी वर्तमान कार्यप्रणाली, अनुभव एवं समस्याओं को समझा गया। मास्टर ट्रेनर द्वारा व्यक्तिगत मार्गदर्शन देते हुए उद्यम विकास की संभावनाओं पर चर्चा की गई। द्वितीय दिवस में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, अनुदान (सब्सिडी), उद्यमिता विकास प्रशिक्षण (ईडीपी), कौशल विकास, विपणन रणनीतियों तथा उद्यम पंजीयन की प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अंतिम दिवस में आयात-निर्यात की संभावनाओं, विभागीय समन्वय तथा बाजार की मांग के अनुरूप साड़ी, सूट एवं कुर्ता जैसे रेडीमेड उत्पादों के निर्माण पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर पारुल पाण्डेय एवं डिविजनल समन्वयक प्रमेश विजयवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
