रैंप योजना के तहत तीन दिवसीय हस्तशिल्प प्रशिक्षण संपन्न, 30 उद्यमियों ने लिया लाभ

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। केंद्र सरकार की रैंप (RAMP) योजना के तहत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के गंडई स्थित हस्तशिल्प केंद्र में तीन दिवसीय सेक्टर स्पेसिफिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य हस्तशिल्प से जुड़े स्थानीय उद्यमियों को तकनीकी दक्षता प्रदान करना और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना रहा। प्रशिक्षण में 30 उद्यमियों जिनमें बड़ी संख्या में महिला प्रतिभागी शामिल रहीं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। यह प्रशिक्षण सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय भारत सरकार तथा राज्य शासन की उद्यमिता प्रोत्साहन पहल के अंतर्गत सीएसआईडीसी रायपुर के मार्गदर्शन में चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित किया गया। कार्यक्रम के पहले दिन प्रतिभागियों के साथ संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली उपलब्ध संसाधनों और चुनौतियों का आकलन किया गया। साथ ही मास्टर ट्रेनर द्वारा व्यक्तिगत मार्गदर्शन देते हुए संस्थागत विकास और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। दूसरे दिन केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, अनुदान प्रावधान, ईडीपी प्रशिक्षण, कौशल विकास, विपणन रणनीति और उद्यम पंजीयन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के तीसरे दिन बांस आधारित उत्पादों के निर्माण और उनके बाजार विस्तार पर विशेष जोर दिया गया। इसमें बांस से फर्नीचर घरेलू उपयोगी सामग्री निर्माण कार्य में उपयोगी वस्तुएं, सजावटी उत्पाद, बांस चारकोल, खाद्य उत्पाद जैसे अचार चटनी और मुरब्बा निर्माण की संभावनाओं पर प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया गया।
प्रशिक्षण के समापन सत्र में प्रतिभागियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभ ऋण सुविधा सब्सिडी वर्किंग कैपिटल और प्रस्तुति कौशल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम विशेष रूप से कंडरा समाज के आदिवासी समूह के लिए आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान कई प्रतिभागियों का उद्यम पंजीयन भी किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष लाल तारकेश्वर शाह खुसरो और उपाध्यक्ष श्यामपाल ताम्रकार की उपस्थिति ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर पारुल पाण्डेय, डिविजनल समन्वयक लोकेश सिन्हा और तुषार साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को रोजगार उन्मुख और उपयोगी बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता जताई। अंत में चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया है।

Exit mobile version