गंडई-पंडरिया। राष्ट्रीय पुस्तक सप्ताह के अवसर पर शासकीय महाविद्यालय गंडई में विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों द्वारा सामूहिक पुस्तक वाचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य टीएल वर्मा के निर्देशन में किया गया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पुस्तकों के प्रति रुचि विकसित करना, अध्ययन एवं पठन संस्कृति को बढ़ावा देना तथा पुस्तकों के माध्यम से ज्ञान, विचार और व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करना था। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों ने विभिन्न विषयों की पुस्तकों का सामूहिक वाचन किया साथ ही पुस्तकों के महत्व नियमित अध्ययन की आदत और डिजिटल युग में पुस्तकालय की उपयोगिता पर अपने विचार साझा किए।इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य टीएल वर्मा ने कहा कि पुस्तकें ज्ञान अर्जित करने का सबसे सशक्त और महत्वपूर्ण माध्यम हैं। नियमित पुस्तक वाचन से व्यक्ति की विचार शक्ति, भाषा कौशल, तार्किक क्षमता एवं बौद्धिक विकास में वृद्धि होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने दैनिक जीवन में पुस्तक पढ़ने की आदत विकसित करने तथा पाठ्यक्रम की पुस्तकों के साथ-साथ ज्ञानवर्धक साहित्य का भी नियमित अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पुस्तकालय से जुड़ने, पुस्तकों के नियमित अध्ययन को जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा ज्ञान आधारित समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
