
अमरकंटक में दो दिवसीय अधिवेशन सम्पन्न
विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों ने ओबीसी समाज की एकजुटता और अधिकारों की रक्षा का लिया संकल्प
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। सुरम्य वादियों में स्थित पवित्र नगरी अमरकंटक में अखिल भारतीय तेली महासभा के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय ओबीसी संगम का दो दिवसीय अधिवेशन उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। अधिवेशन में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तरप्रदेश, बिहार एवं महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में समाज प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक सहित सामाजिक, राजनीतिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र की अनेक प्रमुख हस्तियां उपस्थित रही। अधिवेशन को संबोधित करते हुए सामाजिक चिंतक एवं पूर्व जिला पंचायत सभापति विप्लव साहू, ओबीसी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम, प्रो.के.मुरारी दास, एडवोकेट विष्णु बघेल, गौतम दास साहू, राजेन्द्र परगनिहा तथा पार्वती साहू ने शिक्षा, रोजगार, आर्थिक सशक्तिकरण और उच्च प्रशासनिक सेवाओं में ओबीसी वर्ग के पर्याप्त प्रतिनिधित्व की आवश्यकता पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए संगठित प्रयास समय की मांग है। अधिवेशन में जातिगत जनगणना, आरक्षण की सुरक्षा, छात्रवृत्ति योजनाओं के विस्तार, छोटे एवं पारंपरिक व्यवसायों को बढ़ावा, युवाओं के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण तथा सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने ओबीसी समाज की एकता, राजनीतिक भागीदारी और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक रूप से आगे बढ़ने का आह्वान किया। समापन अवसर पर विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने शिक्षा के प्रसार, सामाजिक जागरूकता और ओबीसी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए संयुक्त रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।