रायपुर में मनोहर गौशाला खैरागढ़ के जैविक कृषि प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन

किसानों को गौ-आधारित एवं प्राकृतिक खेती का मिलेगा प्रशिक्षण

खैरागढ़। खैरागढ़ के धरमपुरा स्थित मनोहर गौशाला के रायपुर कार्यालय एवं जैविक कृषि प्रोत्साहन प्रशिक्षण केंद्र का रविवार को पंडरी स्थित महालक्ष्मी मार्केट व्यवसायिक परिसर में उद्घाटन हुआ। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ.गिरीश चंदेल ने केंद्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अनुसंधान निदेशक डॉ.विवेक त्रिपाठी सहित वैज्ञानिक एवं अन्य लोग उपस्थित रहे। मनोहर गौशाला के संस्थापक एवं प्रबंध न्यासी डॉ.अखिल जैन (पदम) ने बताया कि केंद्र के माध्यम से किसानों, युवाओं और व्यापारियों को गौ-आधारित खेती, जैविक कृषि एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा यहां गौमूत्र, गोबर, नीम और प्राकृतिक वनस्पतियों से तैयार उत्पादों तथा प्राकृतिक खेती के विकल्पों की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि मनोहर गौशाला में गौमूत्र, नीम एवं वनस्पतियों से ‘फसल अमृत’ तथा गोबर और गौमूत्र से ‘मनोहर ऑर्गेनिक गोल्ड’ जैसे उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। केंद्र में मिट्टी की सेहत सुधारने, जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर भी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

↑
Exit mobile version