राज्यपाल के गोदग्राम सोनपुरी में योग से जुड़ा जनजीवन

सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिय। राज्यपाल के गोदग्राम सोनपुरी में इन दिनों योग की गूंज सुनाई दी। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यहाँ पाँच दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया जिसने ग्रामीण जीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार किया। जिला आयुष अधिकारी के मार्गदर्शन में आयुष्मान आरोग्य मंदिर आयुष शासकीय आयुर्वेद औषधालय बाजार अतरिया द्वारा आयोजित इस शिविर में योग प्रशिक्षक खुलेश जंघेल ने ग्रामीणों को योगासन प्राणायाम और व्यायाम का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने सरल भाषा में योग के लाभ बताते हुए कहा कि योग तन मन दोनों को स्वस्थ रखने का सशक्त माध्यम है। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को नियमित अभ्यास के माध्यम से तनाव मुक्त जीवन बेहतर शारीरिक क्षमता और मानसिक संतुलन की जानकारी दी गई। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की सक्रिय भागीदारी ने यह साबित कर दिया कि अब ग्रामीण समाज भी स्वास्थ्य के प्रति सजग हो रहा है। कार्यक्रम में जिला आयुर्वेद अधिकारी सुशीला बंजारे आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी के.सी. चौधरी तथा फार्मासिस्ट सुग्रीव दास वर्मा की मौजूदगी रही। साथ ही आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति की उपयोगिता पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया। समापन कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि गुणेश वर्मा ने कहा कि योग को जन जन तक पहुँचाने के लिए ऐसे शिविर निरंतर आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। पाँच दिवसीय शिविर ने सोनपुरी में स्वास्थ्य के प्रति नई चेतना पैदा की और योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने की दिशा में मजबूत कदम साबित हुआ।

Exit mobile version