
डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने किया पूजन

कहा- उनका जीवन साहस, सामाजिक चेतना और जनसेवा की प्रेरणा
सत्यमेव न्यूज घुमका। ग्राम पंचायत जुरलाखुर्द के आश्रित ग्राम चमार खपरी में महान प्रतापी, शूरवीर एवं बलिदानी राजा गुरु बालकदास जी की मूर्ति स्थापना के लिए मंच निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में डोंगरगढ़ विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल शामिल हुईं। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर मंच निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया और राजा गुरु बालकदास जी के जीवन, संघर्ष, त्याग एवं सामाजिक योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि राजा गुरु बालकदास जी का जीवन साहस, सामाजिक जागरूकता और जनसेवा की प्रेरणा देता है। उनके विचारों, संघर्ष और सामाजिक योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रतिमा स्थापना से क्षेत्रवासियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा मिलेगी तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक चेतना को और मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी घुमका के प्रभारी अध्यक्ष पुसऊ राम वर्मा, ग्राम पंचायत जुरलाखुर्द की सरपंच लता बाई साहू, कृपा राम साहू, कोमल दास खुटांजे, आनंद मंडले सहित पंचगण, सामाजिकजन, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।