राजस्व पखवाड़ा में 4876 में से 4617 आवेदनों का हुआ निराकरण

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में आयोजित राजस्व पखवाड़ा के अंतर्गत ग्रामीण स्तर पर शिविर लगाकर नागरिकों की राजस्व संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया। यह अभियान 1 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक संचालित रहा।अभियान के दौरान कुल 4876 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें से 4617 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष 259 आवेदनों के जल्द निपटारे के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। भू-अभिलेख शाखा से मिली जानकारी के मुताबिक इस पहल के जरिए नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और जमीन से जुड़े अन्य मामलों का तेजी से समाधान किया गया। शिविरों में अधिकारियों की मौजूदगी से लोगों को तत्काल राहत मिली और उन्हें कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द निपटाया जाएगा ताकि आम नागरिकों को किसी तरह की असुविधा न हो। साथ ही आगामी चरणों में 4 मई से 18 मई और 1 जून से 15 जून 2026 तक फिर से राजस्व पखवाड़ा चलाया जाएगा जिसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे आगामी शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान मौके पर ही प्राप्त करें।

Exit mobile version