युक्तियुक्तकरण के विरोध में उतरा कांग्रेस संगठन, प्रेस वार्ता लेकर कहा भाजपा रोजगार व शिक्षा विरोधी

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. प्रदेश सरकार द्वारा राज्य में सरकारी स्कूलों और शिक्षकों का युक्तियुक्तकरण किया जा रहा है जिसका विरोध भी हो रहा है। कांग्रेस अब युक्तियुक्तकरण के लिए चरणबद्ध आंदोलन की तैयारी कर चुकी है। इसी के तहत आज कांग्रेस ने जिला मुख्यालय में पत्रकार वार्ता की और युक्तियुक्तकरण को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाये। कांग्रेस का आरोप है कि शिक्षा विभाग में नए सेटअप के नाम पर शिक्षक के पद खत्म किए जा रहे हैं।

युक्तियुक्तकरण से प्रदेश में 45 हजार से अधिक शिक्षकों के पद समाप्त होंगे। इसे लेकर विधायक इन्द्रशाह मंडावी का कहना है कि 10 हजार 4 सौ 63 स्कूल युक्तियुक्तकरण से बंद हो जाएंगे। इन स्कूलों के बंद होने से शिक्षकों के साथ रसोईयों, भृत्य, महिला समूहों के रोजगार पर भी सीधा प्रभाव पड़ेगा। युक्तियुक्तकरण से सीधे ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर इसका प्रभाव पड़ेगा। श्री मंडावी ने बताया कि मानसून सत्र में कांग्रेस के सभी विधायक इस जन विरोधी नीति को लेकर विधानसभा में अपनी आवाज बुलंद करेंगे। विधायक यशोदा वर्मा ने कहा कि इसे लेकर कांग्रेस भाजपा सरकार के खिलाफ जमीनी लड़ाई लड़ेगी सभी जिलों एवं ब्लॉकों में 9 जून से आंदोलन चलेगा। जहां-जहां भी स्कूल बंद होंगे कांग्रेस वहां के ग्रामीणों के साथ मिलकर प्रदर्शन करेगी। विधायक श्रीमती वर्मा ने कहा कि भाजपा की सरकार वादा कर मुकरने वाली सरकार है। युक्तियुक्तकरण में जमकर खेल हुआ है। खैरागढ़ में व्हाट्सएप में सूची जारी की गई। एक शिक्षिका के साथ भरपूर अन्याय किया गया और दोषियों को बख्श कर प्रधान पाठक और संकुल समन्वयक को सजा दी गई है। जिला अध्यक्ष गजेंद्र ठाकरे ने कहा कि भाजपा की नीति स्पष्ट है कि वह स्कूल बंद कर जगह-जगह शराब दुकान खोलना चाह रही है। कांग्रेस नेत्री पदमा देवी सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार पढ़ाई बंद कर सबको शराबी बनाने की चाल चल रही है। 10000 स्कूल खत्म करने की साजिश और 5 लाख बच्चों की शिक्षा सीधे इस नीति से प्रभावित होगी। वार्ता में मुख्य रूप से मोहला-मानपुर विधायक व पूर्व संसदीय सचिव इंद्रशाह मंडावी, खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष गजेंद्र ठाकरे, जनपद सदस्य व खैरागढ़ ग्रामीण के अध्यक्ष आकाशदीप सिंह गोल्डी, कांग्रेस नेत्री पद्मा देवी सिंह, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पं.मिहिर झा, सुनील कांत पांडे, कन्हैया बैस, मोतीलाल जंघेल, विप्लव साहू सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

Exit mobile version