मुढ़ीपार में कांग्रेस का ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च, मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन

खैरागढ़। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मुढ़ीपार के नेतृत्व में मंगलवार को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च निकाला गया। कथित वोट चोरी और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बाजार चौक पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया और उनके इस्तीफे की मांग उठाई। वहीं, स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में बिजली कार्यालय का घेराव कर मीटर वापस लेने की मांग की गई

।मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ और ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता के मताधिकार की रक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट चोरी और एसआईआर में कथित अनियमितताओं से मतदाताओं के अधिकार प्रभावित होने की आशंका है। नेताओं ने संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने तथा निर्वाचन प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की

वोट बचाओ मार्च के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर भी विरोध दर्ज कराया। मुढ़ीपार स्थित बिजली कार्यालय का घेराव कर स्मार्ट मीटर वापस लेने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं की आशंकाओं और समस्याओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली, बिजली खपत और बिलिंग व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं को स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनकी शिकायतों का निराकरण भी किया जाना चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और बिजली उपभोक्ताओं के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए संबंधित मांगों पर कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन में पूर्व विधायक भुवनेश्वर बघेल, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कोमल दास साहू, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष आरती महोबिया, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तेजराम वर्मा, दाऊ भूपेंद्र सिंह ठाकुर, गौतम चंद जैन, मधुसूदन साहू, रिंकू महोबिया, चंद्रेश यदु, भीखम सिन्हा, देवकांत यदु, जीतू यादव, देवराज सेन, दुर्गेश सिन्हा, संतोषी सेन, श्रवण चक्रधारी, पारस साहू, रामचंद वर्मा, भूपेंद्र बंदे, धनेश वर्मा, महेंद्र जंघेल, तुलसी वर्मा, बलदाऊ ठाकरे, शिवानंद यादव और डिलेंड साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

↑
Exit mobile version