मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की पहल से किसानों को मिल रहा फसल बीमा का लाभ

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के त्वरित निराकरण के चलते जिले के कई किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत लंबित दावा राशि प्राप्त हो गई है। जिला प्रशासन कृषि विभाग और बीमा कंपनी के समन्वित प्रयास से पात्र किसानों के बैंक खातों में बीमा राशि सीधे अंतरित की गई। अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की जांच प्राथमिकता के आधार पर की गई। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद विकासखंड छुईखदान के ग्राम चोभर निवासी हरी पटेल के खाते में 4,283 रुपये, ग्राम सलौनी निवासी दुलरवा वर्मा को 58,623 रुपये तथा विकासखंड खैरागढ़ के ग्राम चारभाठा निवासी धनसिंह को 21,039 रुपये की दावा राशि जमा कराई गई। समय पर भुगतान मिलने से किसानों को आर्थिक राहत मिली है। जिला प्रशासन का कहना है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज प्रकरणों की लगातार समीक्षा की जा रही है। संबंधित विभागों को शिकायतों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। कृषि विभाग के मुताबिक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना प्राकृतिक आपदा प्रतिकूल मौसम और अन्य कारणों से फसल को होने वाले नुकसान की स्थिति में किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है। शिकायतों के त्वरित समाधान और दावा राशि के भुगतान से किसानों का योजना के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।

Exit mobile version