
नवनिर्मित जिला भाजपा कार्यालय का उद्घाटन, जिला अस्पताल और कलेक्ट्रेट भवन का होगा भूमिपूजन
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नवगठित खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के लिए 13 अगस्त का दिन ऐतिहासिक बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने पहले आधिकारिक दौरे पर आज खैरागढ़ पहुंचेंगे और 600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण व भूमिपूजन करेंगे। कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री नवनिर्मित जिला भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करेंगे साथ ही देवारीभाठ में डीपीआरसी भवन का लोकार्पण और जिला अस्पताल व कलेक्ट्रेट भवन के निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी करेंगे। सीएम के स्वागत में भाजपा जिला युवा मोर्चा एक भव्य बाइक रैली निकालेगा जो हेलीपैड से शुरू होकर भाजपा कार्यालय तक पहुंचेगी। जिला भाजयुमो अध्यक्ष आयश सिंह बोनी ने बताया कि इस रैली में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल होंगे। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने इस दौरे को जिले के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का आगमन विकास को नई गति देगा।प्रशासनिक तैयारियां और सुरक्षा व्यवस्था पूरी कर ली गई हैं। कार्यकर्ताओं और आम जनता में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह है।