मीटर लगाने के नाम पर कारोबारी से 7 लाख की ठगी

सत्यमेव न्यूज़ रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है जहां नया बिजली मीटर लगाने की प्रक्रिया के बहाने एक कारोबारी से 7 लाख 2 हजार 472 रुपये की ठगी कर ली गई। मामला देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कारोबारी आशीष भाई देसाई ने 1 अप्रैल 2026 को नया बिजली मीटर लगवाने के लिए आवेदन किया था। इसके कुछ दिन बाद 4 अप्रैल की सुबह उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताते हुए कहा कि मीटर इंस्टॉलेशन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए 13 रुपये ऑनलाइन जमा करने होंगे। बताया गया कि इसके बाद आरोपी ने पीड़ित को व्हाट्सएप कॉल कर एक लिंक भेजा। लिंक पर बिजली विभाग जैसा लोगो दिखाई देने से कारोबारी को उस पर भरोसा हो गया। जैसे ही उन्होंने लिंक ओपन किया उनका मोबाइल ठगों के नियंत्रण में चला गया और बैंक खातों से रकम निकलनी शुरू हो गई। ठगों ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र खाते से 6 लाख 3 हजार 472 रुपये और एचडीएफसी बैंक खाते से 99 हजार रुपये पार कर दिए। इस तरह कुल 8 अलग अलग ट्रांजैक्शन के जरिए 7 लाख 2 हजार 472 रुपये निकाल लिए गए। मोबाइल पर लगातार बैंक ट्रांजैक्शन के मैसेज आने पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब कॉल डिटेल बैंक ट्रांजैक्शन और भेजे गए लिंक के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान कॉल लिंक या ऑनलाइन भुगतान संबंधी संदेश पर बिना पुष्टि भरोसा न करें। साथ ही बैंकिंग जानकारी, ओटीपी, स्क्रीन शेयरिंग या संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने से बचें।अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी विभाग सामान्यत इस तरह संदिग्ध लिंक भेजकर भुगतान की मांग नहीं करते है।

Exit mobile version