महंगाई, ईंधन मूल्य वृद्धि और खाद संकट, भाजपा की डबल इंजन सरकार हर मोर्चे पर फेल- गुप्ता

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की जिला इकाई खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के जिला सचिव रिंकू गुप्ता ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि और किसानों को खाद उपलब्ध नहीं होने के मुद्दे पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है और रोजमर्रा की जरूरतों का सामान लगातार महंगा होता जा रहा है। रिंकू गुप्ता ने कहा कि पेट्रोल और डीजल के दामों में लगातार बढ़ोतरी से परिवहन लागत बढ़ गई है, जिसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं जिससे लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है और आम नागरिकों को अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने किसानों की समस्याओं को सबसे गंभीर बताते हुए कहा कि खेती के महत्वपूर्ण सीजन में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। किसान खाद के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान तक भटकने को मजबूर हैं लेकिन समय पर व्यवस्था नहीं होने से खेती प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही जबकि देश की अर्थव्यवस्था का बड़ा आधार कृषि क्षेत्र है। रिंकू गुप्ता ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर भी केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर महंगा होने से आम परिवारों का घरेलू बजट बिगड़ गया है वहीं होटल और ढाबा संचालकों की लागत बढ़ने से नाश्ता और भोजन भी महंगा हो गया है जिसका असर सीधे आम नागरिकों और छोटे व्यापारियों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र की नीतियों के कारण आम जनता, किसान, मजदूर और छोटे व्यापारी लगातार आर्थिक दबाव झेल रहे हैं। कांग्रेस नेता ने मांग की कि सरकार पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों में राहत प्रदान करे तथा किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराना सुनिश्चित करे ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Exit mobile version