
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मसूरी में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया जहां सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व जिला पंचायत सभापति राजनांदगांव विप्लव साहू सहित प्रदेश संयोजक एडवोकेट झालेन्द्र कुमार महिलांगे, जिला संयोजक रामकुमार जांगड़े, जी.डी. बंजारे, विक्रम यदु, कौशल कोसरे, बीरसिंह वर्मा, नरेंद्र कुमार, उदय कुमार तथा विभिन्न जिलों से आए अनेक अधिवक्तागण शामिल हुए. डॉ.अम्बेडकर राष्ट्रीय अधिवक्ता संघ द्वारा आयोजित शिविर में प्रशिक्षक इलाहाबाद के वरिष्ठ अधिवक्ता एडवोकेट बी.एम. सिंह रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों को संगठन, नेतृत्व, सामाजिक दायित्व और संविधानिक मूल्यों पर मार्गदर्शन दिया। तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान नैतिकता, सही शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, संगठन निर्माण तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने बाबा साहब डॉ.भीमराव अम्बेडकर के संदेश “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज को शिक्षित और जागरूक बनाने का संकल्प लिया। प्रशिक्षण में इस बात पर भी जोर दिया गया कि सही समझ और शिक्षा के माध्यम से ही एक मजबूत और न्यायपूर्ण समाज का निर्माण संभव है। प्रशिक्षण के साथ-साथ प्रतिभागियों ने मसूरी की प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहरों का भी भ्रमण किया। दल ने प्रसिद्ध लेखक रस्किन बॉन्ड के निवास क्षेत्र लैंडोर, ऐतिहासिक मॉल रोड, मसूरी झील, आकर्षक वाटर फॉल, बौद्ध मंदिर तथा धनौल्टी स्थित इको पार्क का भ्रमण किया वहीं वहां की हरियाली, शांत वातावरण और हिमालयी पर्वत श्रृंखलाओं के मनमोहक दृश्यों ने सभी को प्रभावित किया। प्रतिभागियों ने उत्तराखंड की पारंपरिक पहाड़ी थाली तथा राज्य पुष्प बुरांश से बनी चाय का भी स्वाद लिया। मसूरी का अनूठा मौसम भी चर्चा का विषय रहा, जहां एक ही दिन में तेज धूप, ठंडी हवाएं, घने बादल और बारिश का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रतिभागियों ने कहा कि यह शिविर ज्ञान, संगठनात्मक प्रशिक्षण, पर्यटन और सामाजिक प्रेरणा का एक यादगार अनुभव साबित हुआ।