मवेशी से टकराकर ट्रक की चपेट में आयी महिला, मौके पर हुई दर्दनाक मौत

सत्यमेव न्यूज़ खैरागढ़. मवेशी से टकराकर ट्रक की चपेट में आने वाली महिला का मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी अनुसार सोमवार 28 अक्टूबर को ग्राम ओटेबंद निवासी चमरू जंघेल अपनी पत्नी दुर्गा बाई के साथ मोटर सायकल में सवार होकर खैरागढ़ दीपावली की खरीददारी करने आ रहे थे तभी छुईखदान मुख्य मार्ग में नाले के पास उनके साथ भीषण हादसा हो गया और त्योहार की खुशियां मातम में बदल गई। बताया जा रहा है कि नाले के पास पहुंचते ही अचानक जानवरों का झुंड सामने आ गया जिसके कारण चमरू का बाइक से नियंत्रण डगमगा गया और मोटर सायकल एक भैंस से जाकर टकरा गई जिससे पति-पत्नी दोनों सड़क पर गिर गये। इस दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने दुर्गा बाई को अपने चपेट में ले लिया जिससे मौके पर ही दुर्गा की मौत हो गई वहीं चमरू गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि उक्त घटना के बाद आसपास मौजूद लोग आक्रोशित हो गये और सड़क जाम कर दिया था। घटना की जानकारी छुईखदान पुलिस को मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और भीड़ पर मुश्किल से नियंत्रण बना पायी। भीड़ के हटने के बाद मृतिका दुर्गा बाई के शव सहित घायल चमरू को छुईखदान के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों द्वारा मृतिका के शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है वहीं चमरू जंघेल का प्राथमिक उपचार कर उन्हें घर भेज दिया गया है।

बता दे कि दीपावली त्यौहार के लिये खरीददारी करने खैरागढ़ पहुंच रहे उक्त दंपत्ति के परिवार वालों के लिये खुशियों का यह पर्व मातम में बदल गया है। मुख्य मार्ग में मवेशी के कारण हुई उक्त दुर्घटना ने एक परिवार की खुशियां ही छीन ली। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग आरोप लगा रहे हैं कि सड़क पर गति नियंत्रण के लिए यहां कोई उपाय नहीं की गई है जिसके कारण आये दिन दुर्घटनाएं होती रहती है। आम नागरिकों में अब स्थानीय प्रशासन के विरूद्ध आक्रोश भी बढ़ता जा रहा है। बता दे कि वर्तमान में पूरे देश में दीवाली के पर्व को लेकर उत्साह का माहौल है परंतु एक लापरवाही के कारण ओटेबंद के जंघेल परिवार में दीवाली से पहले ही अंधेरा छा गया।

सड़क दुर्घटना में महिला की मौत हो गई है वहीं उसका पति घायल हुआ है लेकिन खतरे से बाहर है। महिला के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सपोर्ट कर दिया गया है।

मनीष बघेल, बीएमओ छुईखदान

Exit mobile version