2,241 नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए आवेदन00 12 नवंबर को प्रारंभिक सूची का प्रकाशन
खैरागढ़। जिले में मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। अभियान के तहत जिले में अब तक 2,241 नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं 17 वर्ष से अधिक आयु के 228 युवाओं की पहचान की गई है। दूसरी ओर, खैरागढ़ और डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्रों में हटाए गए 19,441 मतदाताओं के नामों का पुनः सत्यापन किया जा रहा है। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। इसमें मतदाता सूची के सत्यापन, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण और पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
19,441 नामों का होगा दोबारा सत्यापन
बैठक में बताया गया कि 5 अक्टूबर से बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन कर रहे हैं। इस दौरान मृत, अनुपस्थित और स्थानांतरित मतदाताओं सहित अन्य कारणों से हटाए गए नामों की स्थिति की दोबारा जांच की जा रही है। खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 73 में 14,818 तथा डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 74 के जिले में शामिल आंशिक हिस्से में 4,623 नाम हटाए गए हैं। इस तरह कुल 19,441 नामों का पुनः सत्यापन किया जा रहा है। दोनों क्षेत्रों में वर्तमान में कुल 2,88,700 मतदाता दर्ज हैं।
2,241 नए मतदाताओं के आवेदन प्राप्त
29 सितंबर से 16 अक्टूबर तक नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए 2,241 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र से 1,391 और डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के आंशिक हिस्से से 850 आवेदन शामिल हैं। मतदाता जागरूकता के लिए जिले के स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में भी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। कुल 93 निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से 17 वर्ष से अधिक आयु के 4,118 विद्यार्थियों की पहचान की गई है। इनमें से 315 विद्यार्थियों का ऑनलाइन फॉर्म-6 के माध्यम से पंजीकरण कराया गया है। इसके अलावा 8 से 15 अक्टूबर के बीच विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में आठ विशेष शिविर लगाए गए। जिले में कुल 405 मतदान केंद्र हैं। निर्वाचन कार्यालय ने राजनीतिक दलों से सभी मतदान केंद्रों पर बीएलए नियुक्त करने, मतदाता सूची में त्रुटियों की जानकारी देने और पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित कराने में सहयोग करने की अपील की है। बैठक में निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
