मतदाता सूची पुनरीक्षण बैठक में बोले विक्रांत-हर पात्र मतदाता का नाम जोड़ना हमारा संकल्प

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। भारतीय जनता पार्टी खैरागढ़ शहर मंडल की ओर से सोमवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर 2025) को लेकर जिला भाजपा कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला भाजपा महामंत्री शशांक ताम्रकार, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, दिनेश वर्मा, तथा अनेक बूथ संयोजक व पार्टी पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद थे। बैठक को संबोधित करते हुए विक्रांत सिंह ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतंत्र की मजबूती का मूल है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर नए मतदाताओं के नाम फॉर्म-6 के माध्यम से जोड़ें और गलत या मृत नामों को फॉर्म-7 से हटवाएं। विक्रांत सिंह ने कहा कि यह सिर्फ संगठनात्मक दायित्व नहीं बल्कि लोकतांत्रिक जिम्मेदारी है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पहचान उनकी जनसेवा और संगठनात्मक सक्रियता से होती है इसलिए सभी कार्यकर्ता इस अभियान को सफलता की दिशा में ले जाएं। कार्यक्रम में जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष लखन साहू, नगर पालिका के सभापति विनय देवांगन, पार्टी के पदाधिकारीगण नीलिमा गोस्वामी, संजय शर्मा, कीर्ति वर्मा, डोरेलाल साहू, ऋषभ सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Exit mobile version