
सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित भीमपुरी से बोरई पहुंच मार्ग के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। करीब 5 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण के लिए शासन से 475.53 लाख रुपए यानी 4 करोड़ 75 लाख 53 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है। सड़क निर्माण की स्वीकृति विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा के प्रयासों से मिलने की जानकारी के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। सड़क निर्माण की मांग पूरी होने पर बोरई सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने खैरागढ़ स्थित विधायक निवास पहुंचकर विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा से मुलाकात की। ग्रामीणों ने सड़क की स्वीकृति के लिए उनका आभार जताते हुए पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी। ग्रामीणों ने कहा कि भीमपुरी-बोरई मार्ग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण संपर्क सड़क है। सड़क का निर्माण होने के बाद आवागमन की समस्या दूर होगी। विशेषकर बारिश के दौरान खराब रास्ते के कारण किसानों विद्यार्थियों और ग्रामीणों को होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। इससे आसपास के गांवों के लोगों को बाजार स्कूल तथा अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में भी सुविधा होगी। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अब प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है। स्वीकृति को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया जा रहा है। इस दौरान बोरई सरपंच संगीता हुलास साहू, छुईखदान युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष गौकरण जंघेल, हिमाचल, भगवती जंघेल, विष्णु सेन, मनहरन साहू, दशरथ साहू, राजेंद्र जंघेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।