भाजपा के सदस्यता अभियान को सफल बनाने प्रदेश उपाध्यक्ष मधुसूदन यादव ने ली खैरागढ़ में बैठक

सत्यमेव न्यूज़ खैरागढ़. भारतीय जनता पार्टी द्वारा 1 सितंबर से सदस्यता अभियान की शुरुआत की जा रही है। अभियान को सफल बनाने केसीजी जिले में बैठक लेने पूर्व सांसद व प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष मधुसूदन यादव खैरागढ़ पहुंचे। जिला मुख्यालय स्थित जिला भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये श्री यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के आव्हान पर सदस्यता अभियान की शुरुआत होनी है जिसमें आप सभी को पहले तो खुद सदस्यता लेनी है उसके बाद लोगों को भी भारतीय जनता पार्टी का सदस्य बनाना है। उन्होंने कहा कि खास तौर पर युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी लेनी है। उन्होंने बताया कि पहले ही दिन 75 लाख लोगों को पार्टी की सदस्याता दिलाना तय किया गया है। प्रदेश में पहले सदस्य के रुप में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सदस्यता लेंगे जिसके बाद आप सभी को भी सदस्यता लेना है। मुख्य वक्ता के रुप में पहुंचे प्रदेश उपाध्यक्ष ने सदस्यता अभियान को लेकर मंडलवार बैठक की जानकारी भी ली तथा पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी। जिला भाजपा अध्यक्ष घम्मन साहू ने कहा कि 31 अगस्त को हम सभी की सदस्यता स्वमेव रद्द हो जाएगी जिसके पश्चात 1 सितंबर से शुरू हो रहे सदस्यता अभियान में हम सभी को सदस्यता लेनी है। सदस्यता अभियान के जिला संयोजक शशांक ताम्रकार ने कार्यकर्ताओं को प्रोजेक्टर के माध्यम से क्रमवार बताया कि कैसे लोगों को सदस्यता दिलानी है। उन्होंने यह भी बताया कि सदस्यता 3 तरह से ले सकते हैं। इस दौरान जिला संयोजक टीके चंदेल, महामंत्री रामाधार रजक, विकेश गुप्ता, खम्हन ताम्रकार सहित बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Exit mobile version