
अतिक्रमण हटाने अपनी जवाबदारी से बच रहा प्रशासन
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. संगीत नगरी खैरागढ़ की खूबसूरती को अतिक्रमण की नजर लगी हुई है। नगर के लगभग सभी वार्डो में अतिक्रमण जारी है ऐसे में अतिक्रमण रोकना पालिका प्रशासन के लिए एक चुनौती भरा काम है। वर्तमान में शिकायत होने के बाद भी नगर पालिका अतिक्रमण हटाने में नाकाम साबित हो रही है। अतिक्रमण को लेकर ताजा मामले में जिस गली में अवैध निर्माण कर गली को बाधित किया गया है उसी गली में ही जिला भाजपाध्यक्ष का निवास है। इसके बाद भी पालिका प्रशासन द्वारा अवैध निर्माण को हटाने अब तक कोई प्रयास नहीं किया गया है जो प्रशासन के सुस्त रवैए को दर्शाता है। नगर के वार्ड क्र.16 दाऊचौरा में निवास करने वाले रविन्द्र सिंह, त्रिलोकी सिंह ध्रुव, योगेश तिवारी, जिला भाजपाध्यक्ष बिशेसर साहू, सुमरन सिंह धुर्वे सहित मोहल्लेवासियों ने नगर पालिका अधिकारी को चार माह पूर्व नवंबर 24 में शिकायत देकर बताया था कि वार्ड के गोकुल बर्मन द्वारा लांजी मार्ग स्थित गली में बीच गली को घेरकर अवैध कब्जा कर लिया गया है जहाँ कमरे का निर्माण कर दिया गया है। गली में आधा दर्जन से अधिक लोग अपने परिवार के साथ निवास करते हैं जिनकी आवाजाही इसी गली से होती है। गली पहले से ही काफी सकरी है जिसके कारण वहाँ किसी प्रकार के चार पहिया वाहनो की आवाजाही नहीं होती है। अब गली में अवैध निर्माण किए जाने से पैदल आवाजाही भी बाधित हो रही है। वार्डवासियों ने उक्त अवैध निर्माण को तत्काल तोड़ने और अतिक्रमण हटाए जाने की मांग की थी लेकिन प्रशासनिक लापरवाही के चलते उक्त अवैध निर्माण पर कार्यवाही नहीं होने के कारण वार्डवासी आक्रोशित है। अब कार्यवाही नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है। मामले को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष बिसेशर साहू ने बताया कि अवैध निर्माण को हटाने पालिका प्रशासन को 8 नवंबर को ज्ञापन सौंपा गया था अब तक कार्यवाही नहीं होने से अवैध निर्माणकर्ता इसका फायदा उठा रहा है। प्रशासन की लचर व्यवस्था के कारण आज पर्यन्त तक अतिक्रमणकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं होने से दाऊचौरा वार्ड क्र.16 के वार्डवासियों में प्रशासन के खिलाफ काफी आक्रोश जारी है।